Public App Logo
प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, ग्रामीणों ने लिया स्वच्छता का संकल्प . #हरदोई। विकास खंड सांडी के ग्राम पंचायत शैदापुर में आज गॉस्पेल इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड एवं एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से संचालित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यक्रम के तहत प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत जनसहभागिता के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के बाद ग्रामीणों के सहयोग से गांव में चिन्हित गंदे स्थानों की सफाई की गई। इस दौरान ग्रामीणों को प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जैविक विधि से गोबर की खाद तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कल्चर तैयार करने का डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिससे ग्रामीण जैविक तरीके से कचरे का उपयोग कर उपयोगी खाद तैयार कर सकें। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर "हमारा कूड़ा, हमारी जिम्मेदारी" जैसे संदेशों को व्यवहार में उतारने और गांव को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान निशा देवी, प्रधान प्रतिनिधि अजीत पाल, एचसीएल फाउंडेशन से परवेश कुमार, संस्था के जिला समन्वयक अभिषेक कुमार, विकास खंड समन्वयक नितेश कुमार सहित ग्रामीण राजकुमार श्रीवास्तव, अजय गौतम, रेखा देवी, सरोजनी गौतम, शैलेश कुमार, राम नरेश, मुन्नीराज आदि मौजूद रहे। #TheTelecast - Hardoi News