
जिला सिरमौर के पाँवटा साहिब में अंडर-13 राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का होगा आयोजन
========
जिला सिरमौर के पाँवटा साहिब में राज्य शतरंज एसोसिएशन द्वारा 18 व 19 अगस्त, 2026 को अंडर-13 राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश चैम्बर आॅफ काॅमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़, गोंदपुर, पाँवटा साहिब में किया जाएगा।
यह जानकारी जिला शतरंज एसोसिएशन की अध्यक्षा शैलजा ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे व बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
गूगल फाॅर्म के माध्यम से प्रतिभागी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। यह प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित करवाई जाएगी। ओपन श्रेणी में लड़का व लड़की दोनों भाग ले सकते हैं जबकि दूसरी श्रेणी में केवल लड़कियाँ ही भाग ले सकती हैं। इस प्रतियोगिता के दोनों श्रेणियों के दो-दो विजेता खिलाड़ी पुडुचेरी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शैलजा ठाकुर ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दोनों श्रेणियों में शीर्ष 3-3 खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। सिरमौर सहित प्रदेश भर के खिलाड़ियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वाहन किया है।
शैलजा ठाकुर ने कहा कि जिला सिरमौर में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। शतरंज में हुनर निखारने के लिए कोचिंग की सुविधा भी दी जा रही है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रणनीतिक सोच, अनुशासन और मानसिक विकास को बढ़ावा देना है। आयोजकों का मानना है कि “शतरंज हर बच्चे के भविष्य का हिस्सा होना चाहिए।” सभी विद्यालयों, अभिभावकों एवं शतरंज प्रेमियों को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेने एवं इसका साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इस अवसर पर ऋषि तोमर, सचिव, अभिवक्ता विवेक शर्मा, सुरेन्द्र ठाकुर, संयुक्त सचिव, सुशील कुमार व आशीष ठाकुर, प्रधान, राज्य शतरंज एसोसिएशन उपस्थित रहे।
Ronhat, Sirmaur | Aug 13, 2026