
भारत विकास परिषद् शाखा मानटाउन की 'भारत को जानो' प्रश्न मंच प्रतियोगिता सम्पन्न
सवाई माधोपुर। भारत विकास परिषद शाखा मानटाउन द्वारा शाखा स्तरीय 'भारत को जानो' प्रश्न मंच प्रतियोगिता बालिका आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन परिसर में आयोजित की गई। जिसकी जानकारी देते हुए
शाखा सचिव उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता राजस्थान पूर्व के प्रांतीय अध्यक्ष हेमंत गर्ग के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रदीप गर्ग की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने में शाखा गतिविधि संयोजक-संस्कार ज्ञानेंद्र गुप्ता एवं 'भारत को जानो' प्रकल्प के प्रभारी प्रभाकर शर्मा की मुख्य भूमिका रही। इस प्रतियोगिता में शहर के 8 विद्यालयों—बालिका आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्राइट सन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नवदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गीता देवी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्टेप बाय स्टेप इंग्लिश स्कूल, सेंट पॉल्स इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रीजनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दोनों ही वर्गों में नवदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। कनिष्ठ वर्ग में भावना गुर्जर व संजना मीना तथा वरिष्ठ वर्ग में विशाल सिंह राजावत व अमृत यादव की जोड़ी विजेता रही। दोनों विजेता टीमें आगामी 04 अक्टूबर 2026 को करौली में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय 'भारत को जानो' प्रश्न मंच प्रतियोगिता में मानटाउन शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कनिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान पर सेंट पॉल्स इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल और रीजनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीमें संयुक्त रूप से रहीं, जबकि वरिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान सेंट पॉल्स इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल के प्रबंधन में सभी अतिथिगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर शाखा गतिविधि संयोजक-पर्यावरण ज्ञानेंद्र दत्त शर्मा एवं सदस्य अशोक कुमार जैन ने मंच संचालन व व्यवस्थाओं में विशेष सहयोग दिया। सभी अतिथियों एवं दायित्वधारियों ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा आगामी प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।