
#यूपी में तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट तेज, जल्द हो सकता है ऐलान : मो. अयूब सिद्दीकी AIMIM
बलिया, 1 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच तीसरे मोर्चे के गठन की चर्चा सामने आई है। AIMIM के पूर्वांचल सचिव मो. अयूब सिद्दीकी ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही तीसरे मोर्चे के गठन का ऐलान किया जा सकता है।
मो. अयूब सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में एक ओर एनडीए और दूसरी ओर पीडीए के बीच राजनीतिक समीकरण बन रहे हैं। उनके अनुसार, AIMIM की ओर से पीडीए में शामिल किए जाने को लेकर कई बार पहल की गई, लेकिन पार्टी को इसमें स्थान नहीं मिला।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में AIMIM का संगठन मजबूत है और पिछले निकाय चुनाव में पार्टी ने कई सीटों पर जीत दर्ज की थी। उनके मुताबिक, इसी राजनीतिक परिस्थिति को देखते हुए AIMIM ने प्रदेश में तीसरे मोर्चे के गठन की दिशा में कदम बढ़ाने का निर्णय लिया है।
अयूब सिद्दीकी ने कहा कि प्रस्तावित तीसरे मोर्चे में उन राजनीतिक दलों को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें पीडीए में स्थान नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मोर्चे की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा एक राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आएगा और मुस्लिम समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर आवाज उठाई जाएगी। हालांकि, तीसरे मोर्चे में कौन-कौन से दल शामिल होंगे, इसका औपचारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है।
Aimim- All India Majlis-E-Ittehadul Muslimeen