#पत्रकार सुरक्षा कानून पर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन का मंथन, एकजुटता के साथ संघर्ष का ऐलान
#पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं : मुकीम अहमद कुरैशी
#कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, स्वतंत्र पत्रकारिता और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ® कानपुर मंडल इकाई की महत्वपूर्ण बैठक एम.ए. सोलंकी पब्लिक स्कूल, दलेल पुरवा, कानपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कानपुर मंडल अध्यक्ष मुकीम अहमद कुरैशी ने की।
बैठक में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। पत्रकारों के उत्पीड़न, धमकी, मारपीट, दबाव, फर्जी मुकदमों तथा समाचार संकलन के दौरान आने वाली परेशानियों पर गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकार समाज की समस्याओं और शासन-प्रशासन की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के लिए भयमुक्त कार्य वातावरण जरूरी है।
बैठक में मांग की गई कि समाचार संकलन या जनहित के मुद्दे उठाने के कारण किसी पत्रकार को धमकी, हिंसा, दबाव अथवा कानूनी उत्पीड़न का सामना करना पड़े तो शिकायत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। पत्रकारों के विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई और फर्जी मुकदमों की शिकायतों के लिए प्रभावी निगरानी एवं शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया गया।
पत्रकार सुरक्षा कानून के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं, आवास, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना अथवा मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहायता, पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए चिकित्सा सुविधा, मान्यता एवं पहचान-पत्र की पारदर्शी व्यवस्था तथा पत्रकार कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग भी उठाई गई।
बैठक में समाचार पत्रों, न्यूज पोर्टल और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, छोटे एवं मध्यम समाचार संस्थानों को विज्ञापन नीति में उचित अवसर तथा पत्रकारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। पत्रकार उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग भी की गई।
वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए पत्रकारों का आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित होना आवश्यक है। केवल सुरक्षा की घोषणा पर्याप्त नहीं, बल्कि संबंधित प्रावधानों का प्रभावी और जवाबदेह क्रियान्वयन भी जरूरी है।
कानपुर मंडल अध्यक्ष मुकीम अहमद कुरैशी ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। पत्रकार समाज की आवाज को जनता और शासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, इसलिए उनके लिए भयमुक्त एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित होना चाहिए। पत्रकार हितों से जुड़े जायज मुद्दों को संगठन मजबूती से उठाएगा।
बैठक में पत्रकारों की एकजुटता मजबूत करने तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को संगठित तरीके से शासन-प्रशासन के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। संगठन ने पत्रकारों के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने और पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में अवध प्रदेश संरक्षक अश्विनी दीक्षित, अवध प्रदेश सचिव डॉ. टी.ए. लिम, शाहरुख वारसी, नाज़िम अली खान, अमित त्रिवेदी, जितेंद्र तिवारी, इरशाद सिद्दीकी, मनोज चड्ढा, मो. नफीस, हाजी कौसर सोलंकी, शीनू शाह सहित इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन कानपुर मंडल इकाई के पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।
अंत में पत्रकारों की एकता, सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से निरंतर आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया गया।