*पुलिस लाइन मानेसर में स्वतंत्रता दिवस एवं तीज समारोह का भव्य आयोजन।*
*बुजुर्गों की दौड़ रही आकर्षण का केंद्र।*
`गुरुग्राम: 16 अगस्त 2026`
▪️ स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन मानेसर में स्वतंत्रता दिवस एवं तीज समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती परबीना पी. IPS, डीसीपी मानेसर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
▪️इस अवसर पर बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों के लिए 100 मीटर एवं 800 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता एवं मेहंदी लगाने की गतिविधि आयोजित की गई। वहीं, बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से दौड़ प्रतियोगिता एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। सभी आयु वर्ग के लोगों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
▪️इस कार्यक्रम के दौरान डीसीपी मानेसर श्रीमती परबीना पी. ने उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं पुलिस लाइन के निवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है तथा बच्चों और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों, खेलकूद एवं शिक्षा से जोड़ना बेहद महत्वपूर्ण है।
▪️डीसीपी मानेसर ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
▪️इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उम्र किसी भी व्यक्ति के उत्साह और सक्रियता की राह में बाधा नहीं है। वरिष्ठ नागरिकों का इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेना अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं और ऐसे आयोजन सभी पीढ़ियों को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करते हैं।
▪️इस समारोह में पुलिस लाइन मानेसर के निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वतंत्रता दिवस एवं तीज की खुशियां साझा कीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, उत्साह, उमंग एवं आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
▪️आरडब्ल्यूए पुलिस लाइन मानेसर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को एक साझा मंच प्रदान कर उनमें खेल भावना, सामाजिक एकता, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना रहा।