
अभियान बसेरा-02 के तहत 800 लाभुकों के बीच बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित
सीतामढ़ी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में अभियान बसेरा-02 के तहत बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन शुक्रवार, 15 अगस्त 2026 को जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, सीतामढ़ी में किया गया। जिले के सभी प्रखंडों के अंचल कार्यालयों के माध्यम से कुल 800 लाभुकों के बीच बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया।
समारोह में बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री सह सीतामढ़ी जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने लाभुकों के बीच बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र भूमिहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को भूमि से संबंधित अधिकार उपलब्ध कराकर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विधायक सुनील कुमार पिंटू, जिलाधिकारी रिची पाण्डेय, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सीतामढ़ी सदर आनंद कुमार, अंचलाधिकारी डुमरा अंकू गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान बसेरा-02 के माध्यम से पात्र भूमिहीन परिवारों को भूमि संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र मिलने से लाभुकों को आवास निर्माण एवं जीवन-यापन के लिए भूमि संबंधी सुरक्षा प्राप्त होगी तथा वे अपने परिवार के लिए स्थायी आशियाना बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लाभुक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले लाभुकों में सरकार की इस पहल को लेकर उत्साह देखने को मिला।