
स्वतंत्रता दिवस को लेकर पंचकूला पुलिस पूरी तरह अलर्ट, शहरभर में फ्लैग मार्च के साथ होटलों, क्लबों और बाजारों में गहन चैकिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। किसी भी अप्रिय घटना और सुरक्षा चूक की संभावना को रोकने के लिए पुलिस द्वारा शहरभर में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार आज पंचकूला के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विभिन्न टीमों ने फ्लैग मार्च निकालकर आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम किया। इस दौरान पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मौजूदगी दर्ज कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। फ्लैग मार्च के साथ-साथ शहर के होटलों, क्लबों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस द्वारा लगातार गहन चैकिंग की जा रही है। सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीमें डॉग स्क्वॉड की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं और संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पैदल गश्त बढ़ाई गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, बैरिकेडिंग तथा प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें, अनावश्यक अफवाहों से बचें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 व नजदीकी थाना व चौकी को दें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia