हाइवे पर बस और ट्रक ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत, 18 सवारियां सुरक्षित
बीकानेर। पिछली 1 अक्टूबर की देर रात 12 बजे बाद गुसाईंसर से सेरूणा की ओर नापासर थाना क्षेत्र में हाइवे पर बस और ट्रक ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बस बीकानेर की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक श्रीडूंगरगढ़ की तरफ आ रहा था। हादसे के समय बस में चालक-कंडक्टर सहित कुल 18 लोग सवार थे। सूचना पर नापासर थाने से हेड कांस्टेबल लिखमदास स्वामी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में बस की सभी 18 सवारियां और ट्रक चालक सुरक्षित रहे, किसी को चोट नहीं आई। टक्कर से बस का कंडक्टर साइड का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया तथा शीशा टूट गया। सभी सवारियों को सुरक्षित बीकानेर पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। टोल की एंबुलेंस व मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची।