
#बलरामपुर में नवजात की मौत के बाद नोवा अस्पताल सील, बिना लाइसेंस संचालन की जांच...
परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दस्तावेजों की जांच के बाद की कार्रवाई...
रिपोर्ट इमरान अली शाह
बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के भगवतीगंज-उतरौला मार्ग स्थित नोवा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल के बिना लाइसेंस संचालन समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नवजात की मौत के बाद उसके पिता अमित कुमार यादव निवासी कुटकुड्यों, थाना हरैया ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद शनिवार दोपहर करीब एक बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम नोवा अस्पताल पहुंची। टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल के दस्तावेज, लाइसेंस तथा उपचार से संबंधित अभिलेखों की जांच की। जांच के बाद अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार शाम दोबारा अस्पताल पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल के संचालन से संबंधित वैध लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नवजात की मौत के संबंध में लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#balrampur #cmobalrampur