तेहनदेसर में जलभराव से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे-20 जाम कर टोल बंद कराया
#बीदासर तहसील के तेहनदेसर गांव में स्टेट हाईवे-20 पर पिछले कई दिनों से जमा पानी और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों का मंगलवार को आक्रोश फूट पड़ा। जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दोपहर में हाईवे जाम कर दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी हो रही है। पानी और कीचड़ में छोटे-बड़े वाहन कई बार फंस चुके हैं। समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई।
हाईवे जाम के बाद उच्च अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और बड़ी संख्या में ग्रामीण तेहनदेसर पांडरी तलाई स्थित टोल नाके की ओर रवाना हो गए। यहां पहुंचकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए टोल वसूली बंद करवा दी।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक हाईवे पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक वाहनों से टोल वसूली नहीं होने दी जाएगी। टोल बूथ पर ग्रामीणों का धरना जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जमा पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था होने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा।
टोल कर्मियों के अनुसार ग्रामीणों के विरोध के बाद फिलहाल टोल संचालन बंद है। संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों के पहुंचने के बाद ग्रामीणों से वार्ता होगी और अधिकारियों के निर्देश के आधार पर टोल वसूली शुरू करने अथवा बंद रखने का निर्णय लिया जाएगा।