
सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में चलाया जाएगा 'नवीन स्वच्छता अभियान': सतपाल जांबा
सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर इंदौर के स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करने नई दिल्ली से रवाना हुआ 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
सांसद नवीन जिन्दल के निजी विमान से पुंडरी विधायक सतपाल जांबा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल इंदौर के लिए रवाना
कुरुक्षेत्र, 9 अक्तूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र का 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इंदौर के प्रसिद्ध स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करने के लिए आज इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नई दिल्ली से सांसद नवीन जिन्दल के निजी विमान में इंदौर के लिए रवाना हो गया। इस प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता पुंडरी विधायक सतपाल जांबा कर रहे हैं।
यह अध्ययन यात्रा कुरुक्षेत्र, कैथल और रादौर क्षेत्र में स्वच्छता, जनभागीदारी तथा बेहतर नागरिक सुविधाओं का एक नया ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल में नवीन जिन्दल फाउंडेशन के सदस्य, नगर पालिकाओं व नगर निगम के चेयरमैन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।
कचरा प्रबंधन, सीवेज ट्रीटमेंट और जनभागीदारी का होगा गहन अध्ययन
इंदौर प्रवास के दौरान यह प्रतिनिधिमंडल शहर की स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कलेक्शन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और स्वच्छता जागरूकता अभियानों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेगा। प्रतिनिधिमंडल वहां के स्थानीय अधिकारियों, स्वच्छता विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर यह समझेगा कि इंदौर ने स्वच्छता को केवल प्रशासनिक कार्य न बनाकर किस प्रकार एक जन-आंदोलन का रूप दिया है।
विधायक सतपाल जांबा ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल ने पूर्व में जिला निगरानी एवं समन्वय समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को इंदौर का अध्ययन दौरा कराने का आश्वासन दिया था। उसी प्रतिबद्धता को पूरा करते हुए यह कदम उठाया गया है। इंदौर से लौटने के बाद प्रतिनिधिमंडल एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसमें इंदौर की सफल कार्यप्रणाली और उसे कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में लागू करने के व्यावहारिक सुझाव शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि
सांसद नवीन जिन्दल का विजन धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, कैथल और रादौर को स्वच्छता के मामले में हरियाणा का अग्रणी क्षेत्र बनाना है। इंदौर दौरे से प्राप्त सीख और अनुभवों के आधार पर क्षेत्र में व्यापक जनभागीदारी से और सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में 'नवीन स्वच्छता अभियान' की शुरुआत की जाएगी, ताकि स्वच्छता को हर नागरिक के जीवन का संस्कार बनाया जा सके।
Ambala, Ambala | Oct 9, 2026