
बारुण: मानव सेवा ही ईश्वर सेवा का संदेश लेकर मना सर्वेश्वरी समूह आश्रम का 66वां स्थापना दिवस। #aaptaknewspoint1 #aurangabad #barun #BiharNews
बारुण (औरंगाबाद)। बारुण में स्थित सर्वेश्वरी समूह आश्रम शाखा का 66वां स्थापना दिवस सोमवार को सादगी, श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर आश्रम परिसर में दिनभर विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में आश्रम के स्थानीय सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अहले सुबह आश्रम परिसर में सामूहिक श्रमदान से हुई। इसके बाद आश्रम से प्रभातफेरी निकाली गई। वाहनों के काफिले के साथ निकली प्रभातफेरी में शामिल सदस्य मानव सेवा, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण से जुड़े प्रेरक संदेश दे रहे थे।
प्रभातफेरी बारुण आश्रम से निकलकर मोहनगंज, मस्तूल बारुण, बरुआ पुल, केशव मोड़, सोननगर, बारुण बाजार सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस आश्रम परिसर पहुंची। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय ग्रामीणों ने प्रभातफेरी का स्वागत किया। प्रभातफेरी के समापन के बाद आश्रम परिसर में विधिवत आश्रम ध्वज का ध्वजारोहण किया गया।
‘मानव सेवा ही ईश्वर सेवा’ पर हुई विचार गोष्ठी
स्थापना दिवस के अवसर पर ‘मानव सेवा ही ईश्वर सेवा’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में सर्वेश्वरी समूह के 66 वर्षों के सफर और समाजहित में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम ने जनकल्याण और मानव सेवा के पवित्र उद्देश्य से सर्वेश्वरी समूह की स्थापना की थी। उस उद्देश्य को आगे बढ़ाना प्रत्येक सदस्य का दायित्व है। मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताते हुए कहा गया कि समाज के उपेक्षित, असहाय और जरूरतमंद लोगों की निस्वार्थ भाव से सहायता करना ही सच्ची साधना है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और सदस्यों ने संस्था के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने तथा समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
महाप्रसाद का हुआ वितरण
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर में श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
मौके पर नागेंद्र सिंह, रामशकल गुप्ता, टिंकू कुमार, गुड्डू यादव, नंदन प्रजापति, वीआईपी नेता रंजीत चौधरी, संतोष विश्वकर्मा, नितेश सिंह, बबली गुप्ता, अमन कुमार, कुंदन कुमार, कौशल कुमार, लाला कुमार, अनिल कुमार, विनय कुमार, बिट्टू गुप्ता, ओमप्रकाश कुमार, राजेश गुप्ता, आकाश कुमार, किशोरी कुमार, मनोज चौधरी, ललन चौधरी, विशाल सोनी, उमाशंकर, बनारशी गुप्ता, बृजनंदन चौधरी, गोलू, बब्लू सिंह और धींजन कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।