
खलीलाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, कांवरिया पिता की मौत
संत कबीर नगर के खलीलाबाद में सोमवार देर रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच कृष्णा मैरिज हॉल के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में कांवर यात्रा से लौट रहे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में पिता महेंद्र शर्मा पुत्र धुव्र नारायण शर्मा निवासी मोहद्दीपुर, थाना कोतवाली खलीलाबाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अमित शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि महेंद्र शर्मा अयोध्या से कांवर में जल लेकर घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह अपने बेटे के साथ तामेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद वापस लौटते समय कृष्णा मैरिज हॉल के पास एक ट्रेलर की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
महेंद्र शर्मा के परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। उनका एक बेटा अभी महज तीन से चार वर्ष का बताया जा रहा है। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले महेंद्र शर्मा मजदूरी का काम करते थे। वहीं, उनके पिता भी पैरालाइज बताए जा रहे हैं।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कांवर यात्रा से लौटे परिवार के मुखिया की अचानक मौत से गांव में भी मातम पसरा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।