
जोधपुर में 374 किलो डोडा पोस्त बरामद, पुलिस जीप को टक्कर मारकर फरार हुए तस्कर
जोधपुर। डांगियावास थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी की स्कॉर्पियो से 373.91 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्करों ने चेतक जीप को सामने से टक्कर मार दी और वाहन छोड़कर अंधेरे में फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों से स्कॉर्पियो में डोडा पोस्त की खेप आने की सूचना मिल रही थी। बुधवार रात गश्त के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो नजर आने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। बाईपास टोल पर नाकाबंदी देखकर चालक ने करीब 500 मीटर पहले गाड़ी को डोलिया की तरफ मोड़ दिया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो टोल के पास तस्करों ने चेतक जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान एयरबैग खुलने से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य तस्कर स्कॉर्पियो छोड़कर अंधेरे में फरार हो गए।
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 19 प्लास्टिक कट्टों में भरा 373.91 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। जांच में वाहन पर लगी 26 BH 5885G नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो 21 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के केशवपुरम से चोरी की गई थी।
डांगियावास थाना पुलिस ने मादक पदार्थ और स्कॉर्पियो को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। फरार तस्करों की तलाश जारी है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।