
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पांच प्री-ट्रायल बैठकें तय
#जालौन #न्याय #अदालत
उरई। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर 2026 की सफलता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन के निर्देश पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जालौन स्थान उरई न्यायालय द्वारा पांच प्री-ट्रायल बैठकें आयोजित किए जाने का आदेश जारी किया गया है।
न्यायालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण तथा पक्षकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित मामलों के पक्षकारों को निर्धारित तिथियों पर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 12 अगस्त, 17 अगस्त, 25 अगस्त, 31 अगस्त तथा 5 सितंबर 2026 को प्री-ट्रायल बैठकें आयोजित होंगी। आदेश में कहा गया है कि संबंधित मामलों के पक्षकार दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे के मध्य न्यायालय के समक्ष उपस्थित होकर प्री-ट्रायल बैठक में सहभागिता कर सकते हैं।
न्यायालय ने शमनीय अपराधों से संबंधित मामलों में पक्षकारों की उपस्थिति और आपसी सुलह-समझौते की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की है। राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित एवं सुलहपूर्ण निस्तारण के लिए प्री-ट्रायल बैठकों को महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
आदेश की प्रतिलिपि जनपद न्यायाधीश, जालौन स्थान उरई, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा बार संघ जालौन स्थान उरई को आवश्यक सूचना एवं अनुपालन के लिए भेजी गई है।
Orai, Jalaun | Aug 12, 2026