
प्रतापगढ़ में संदिग्ध पदार्थ खाने से चार छात्र बेहोश, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
#प्रतापगढ़ के पट्टी ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय पट्टी प्रथम में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा तीन में पढ़ने वाले चार छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। आनन-फानन में विद्यालय के शिक्षकों ने सभी छात्रों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि दो छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, आर्यन, मयंक, प्रिंस मिश्रा समेत चार छात्र सुबह करीब 8 बजे विद्यालय पहुंचे थे। कक्षा में पढ़ाई के दौरान छात्रों ने बाहर से लाई गई चॉकलेट खाई, जिसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद चारों छात्र बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। छात्रों के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान बच्चों की तबीयत खराब हुई, जिसके लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षक जिम्मेदार हैं।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय पट्टी प्रथम के प्रधानाध्यापक शिवपूजन पांडे ने बताया कि एक छात्र बाहर से चॉकलेट लेकर आया था। चारों छात्रों ने उसे थोड़ा-थोड़ा खाया था। चॉकलेट खाने के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ी।
फिलहाल चारों छात्रों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। संदिग्ध पदार्थ वास्तव में क्या था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
#pratapgarh #pratapgarhup72 #pratapgarhpatti #school