
सलेमपुर प्राथमिक विद्यालय की जर्जर छत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला
हुलासगंज।
हुलासगंज प्रखंड के सलेमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब जर्जर छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। घटना के समय विद्यालय में छात्र और शिक्षक मौजूद थे। संयोगवश छत का मलबा सीधे बच्चों के ऊपर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, दो छात्रों और एक ग्रामीण के मामूली रूप से घायल होने की चर्चा है।
बताया जाता है कि घटना उस समय हुई, जब विद्यालय के बच्चे बरामदे में बैठकर मध्याह्न भोजन कर रहे थे। अचानक छत का हिस्सा गिरने की आवाज से विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। शिक्षक और छात्र सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी ने भी भवन की स्थिति का जायजा लिया था। वार्ड सदस्य राकेश पांडेय और सामाजिक कार्यकर्ता संजीव कुमार ने बताया कि इससे पहले भी छत से मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि मरम्मत के नाम पर केवल औपचारिकता पूरी की गई।
छत का हिस्सा गिरने की घटना के बाद अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालय भवन का तत्काल निरीक्षण कराने, जर्जर हिस्से की मरम्मत कराने और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।