
जंतर-मंतर पर पत्रकारों से पुलिस के व्यवहार पर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया सख्त
.
महिला पत्रकार की शिकायत पर कार्रवाई की मांग
.
#दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जंतर-मंतर पर शुक्रवार और शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के साथ पुलिस के कथित व्यवहार को लेकर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने कड़ा विरोध जताया है। प्रेस क्लब ने कहा कि पत्रकारों को अपना काम करने से रोकना, उनके साथ कथित तौर पर आक्रामक व्यवहार करना और एक महिला पत्रकार द्वारा लगाए गए आपत्तिजनक हरकत के आरोप बेहद गंभीर हैं।
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की 4 अक्टूबर 2026 की प्रेस स्टेटमेंट के मुताबिक, एक महिला पत्रकार ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन की कवरेज के दौरान एक एसीपी ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्रता और आपत्तिजनक स्पर्श किया। पत्रकार का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्हें शनिवार रात संसद मार्ग थाने में घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन उनकी शिकायत पर अब तक पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रेस क्लब ने यह भी कहा कि विभिन्न स्वतंत्र मीडिया संस्थानों और पोर्टलों से जुड़े पत्रकारों के पास प्रेस कार्ड होने और बार-बार स्वयं को मीडिया से होने की जानकारी देने के बावजूद उनके साथ कथित तौर पर हिंसक और आक्रामक व्यवहार किया गया। बयान के अनुसार, कुछ पत्रकारों को प्रदर्शनकारियों के साथ हिरासत में लिए जाने की बात भी सामने आई है।
“लोकतंत्र में पत्रकारों को डर के माहौल में काम नहीं करना चाहिए”
प्रेस क्लब ने कहा कि इस तरह के व्यवहार को सामान्य नहीं माना जा सकता। पत्रकारों को बिना भय के अपना काम करने और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने वाले लोगों की गतिविधियों को रिपोर्ट करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए।
प्रेस क्लब ने दिल्ली पुलिस से महिला पत्रकार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने तथा पत्रकारों को बिना आक्रामकता और धमकी के अपना काम करने के लिए आवश्यक माहौल उपलब्ध कराने की मांग की है।
जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट बंद किए जाने पर भी सवाल
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने जंतर-मंतर और उसके आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने के फैसले पर भी आपत्ति जताई। बयान में कहा गया है कि शुक्रवार को इंटरनेट सेवा फिर से बाधित की गई और कथित तौर पर इसके लिए जारी ब्लॉकिंग आदेश सार्वजनिक नहीं किए गए। प्रेस क्लब के अनुसार, इससे सूचना के प्रवाह पर असर पड़ता है और मौके पर रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों के काम में बड़ी बाधा पैदा होती है।
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की अध्यक्ष संगीता बरुआ पिशारोटी और महासचिव अफजल इमाम ने बयान जारी कर पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र रूप से काम करने के अधिकार को लेकर चिंता जताई है।
Hardoi, Hardoi | Oct 4, 2026