
ई-चालान के नाम पर फर्जी मैसेज से रहें सावधान, लिंक क्लिक करते ही खाली हो सकता है बैंक खाता
पंचकूला, 1 अक्टूबर। पंचकूला पुलिस ने ई-चालान के नाम पर फर्जी संदेश भेजकर साइबर ठगी करने वाले अपराधियों से सावधान रहने की एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि चालान या जुर्माना जमा करने के नाम पर मोबाइल पर आए किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या वेबसाइट पर बिना जांच के क्लिक न करें।
साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि साइबर ठग लोगों को वाहन का चालान होने और जुर्माना तुरंत जमा करने का डर दिखाकर फर्जी लिंक भेजते हैं। लिंक खोलने पर व्यक्ति फर्जी वेबसाइट पर पहुंच सकता है, जहां बैंक खाते, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी मांगी जाती है। संदिग्ध लिंक से मोबाइल में मालवेयर या वायरस डाउनलोड होने का खतरा भी रहता है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने नागरिकों को सलाह दी कि ई-चालान की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल का इस्तेमाल करें। मैसेज में आए लिंक पर क्लिक करने के बजाय स्वयं आधिकारिक ई-चालान पोर्टल खोलकर चालान की जांच करें। गैर-सरकारी डोमेन और शॉर्ट लिंक से विशेष रूप से सावधान रहें। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, कार्ड विवरण या यूपीआई पिन साझा न करें।
यदि गलती से संदिग्ध लिंक पर क्लिक हो जाए या बैंकिंग जानकारी साझा हो जाए, तो तुरंत बैंक से संपर्क कर कार्ड, यूपीआई या नेट बैंकिंग को सुरक्षित अथवा ब्लॉक करवाएं। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल� पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे संदिग्ध संदेशों को नजरअंदाज करें और अपने परिवार व परिचितों को भी फर्जी ई-चालान के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के प्रति जागरूक करें।