
डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एंडोस्कोपी सेवा शुरू, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)
डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हमीरपुर में आज से एंडोस्कोपी (Endoscopy) सुविधा का शुभारंभ हो गया है। इस नई सेवा के शुरू होने से हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को पेट एवं पाचन संबंधी बीमारियों के इलाज में विशेष लाभ मिलेगा।
सेवा के पहले ही दिन मेडिकल कॉलेज की गैस्ट्रो विशेषज्ञ (Gastroenterologist) डॉ. पूर्णिमा पटियाल और उनकी टीम ने लगभग 6 मरीजों की सफल एंडोस्कोपी की। इस आधुनिक सुविधा के शुरू होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर और त्वरित जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले गैस्ट्रो संबंधी रोगों की जांच व उपचार के लिए मरीजों को आईजीएमसी (IGMC) शिमला या डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा (कांगड़ा) का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों का समय और पैसा दोनों अधिक खर्च होते थे। अब मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर काटने से निजात मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन और डॉक्टर्स की टीम ने बताया कि आने वाले दिनों में और भी मरीजों को नियमित रूप से इस सुविधा का लाभ प्रदान किया जाएगा, जिससे हमीरपुर व साथ लगते जिलों के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक मजबूती मिलेगी।