
मऊ में स्थायी एनसीसी बटालियन की उठी मांग, युवाओं के भविष्य और सैन्य प्रशिक्षण को मिलेगा नया आधार
एनसीसी से युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और नेतृत्व क्षमता का विकास - पूर्व सैनिक सभाजीत सिंह ने जनप्रतिनिधियों से की पहल की अपील
मऊ, जिले में युवाओं को बेहतर सैन्य प्रशिक्षण और एनसीसी की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए स्थायी एनसीसी बटालियन की स्थापना की मांग उठने लगी है। पूर्व सैनिक एवं स्थानीय स्तर पर एनसीसी इंस्ट्रक्टर के रूप में कार्य कर चुके सभाजीत सिंह का कहना है कि मऊ में अपनी एनसीसी बटालियन होने से जिले के सीबीएसई सहित विभिन्न बोर्डों के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा।
सभाजीत सिंह के अनुसार, एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का माध्यम है। छात्र जीवन से ही सैन्य प्रशिक्षण मिलने से युवाओं को अनुशासित जीवन जीने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि एनसीसी के ‘सी’ सर्टिफिकेट प्राप्त युवाओं के लिए सेना में भर्ती के कुछ निर्धारित अवसरों पर लिखित परीक्षा के स्थान पर सीधे साक्षात्कार की व्यवस्था का लाभ मिलता है। इसी तरह ‘बी’ और ‘सी’ सर्टिफिकेट धारकों को कुछ पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में निर्धारित नियमों के तहत अतिरिक्त लाभ अथवा वेटेज भी मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को थल सेना, वायु सेना और नौसेना से जुड़े प्रशिक्षण एवं शिविरों में भाग लेने का अवसर मिलता है। इससे युवाओं को तीनों सेनाओं की कार्यप्रणाली और सैन्य जीवन को करीब से समझने का अनुभव प्राप्त होता है।
सभाजीत सिंह ने कहा कि किसी आपातकालीन अथवा राष्ट्रीय आवश्यकता की स्थिति में प्रशिक्षित युवाओं का अनुभव और प्रशिक्षण उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि बलिया जैसे जिले में दो एनसीसी के बटालियन तथा गाजीपुर में एक एनसीसी का बटालियन स्थापित है, वही मऊ को दूसरे जनपदों के भरोसे रहना पड़ता है इसलिए मऊ में स्थायी एनसीसी बटालियन की स्थापना जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नेताओं और मंत्रियों से मऊ के लिए स्थायी एनसीसी बटालियन की मांग को गंभीरता से उठाने की अपील की है, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।
30 सितंबर को एसपी कार्यालय के पीछे कम्युनिटी हाल में जिले में नगरी निकाय और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में भाग लेंगे जिसमें वीर नारियों, वरिष्ठ और दिव्यांग पूर्व सैनिकों का सम्मान किया जायेगा।
गूंजेगा सैनिक सम्मान का स्वर, वीर नारियों और दिव्यांग पूर्व सैनिक होंगे सम्मानित। सैनिक संगठन रखेगा कैंटीन, चिकित्सा सुविधा और एनसीसी की स्थापना की मांग।