
नेपाल से बिहार में शराब तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम: सीमा पर SSB ने जब्त की 648 लीटर नेपाली शराब, तस्कर फरार
**सुरसंड (सीतामढ़ी):**
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 51वीं वाहिनी ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 648 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद की है। हालांकि, एसएसबी जवानों को आते देख तस्कर मौके का फायदा उठाकर नेपाल सीमा की ओर भागने में सफल रहे।
सुरसंड थाना क्षेत्र के पिलर संख्या 303/23 के पास (भारतीय सीमा के अंदर लगभग 200 मीटर) की गई।
**बाइक गश्ती के दौरान हुई कार्रवाई**
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरसंड कंपनी मुख्यालय के एएसआई (जीडी) नोबिन गोगोई के नेतृत्व में चार जवानों की टीम सीमावर्ती इलाके में नियमित बाइक गश्ती पर थी। इसी दौरान खेत के रास्ते नेपाल से भारत की ओर सिर पर बोरे लादकर आ रहे कुछ संदिग्ध लोगों पर जवानों की नजर पड़ी।
जवानों को देखते ही तस्कर हड़बड़ा गए और सिर से बोरे फेंककर वापस नेपाल सीमा की ओर भाग खड़े हुए। एसएसबी की टीम ने खेतों के रास्ते पीछा कर उन्हें पकड़ने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सीमा की निकटता के कारण तस्कर नेपाल की ओर भागने में कामयाब रहे।
**पटसन के बोरों में छिपाई गई थी 2160 बोतलें**
घटनास्थल पर छोड़े गए बोरों की जब एसएसबी जवानों ने तलाशी ली, तो उनमें से बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद हुई।
* **जब्त शराब:** 'नेपाली गौरभ सोफी' (300 मिलीलीटर की 2,160 बोतलें)
* **कुल मात्रा:** 648 लीटर
एसएसबी की टीम ने जब्त शराब को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में सुरसंड थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। इसकी पुष्टि सुरसंड थाना अध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने किया है।