
हुड़दंग,हवाबाजी और कानून से खिलवाड़ करने वालों पर पलवल पुलिस की सख्त कार्रवाई,एसपी दीप्ति गर्ग
करीब 35 हजार रुपए का चालान कर दो गाड़ियां इंपाउंड
*"हुड़दंग, हवाबाजी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।*
पलवल,01 अक्टूबर।
Aonenews अरविन्द बक्शी
हाल ही में बघोला फ्लाईओवर के पास कुछ गाड़ी सवार युवकों द्वारा गाड़ियों से बाहर निकलकर पर्चे फेंकने और यातायात व कानून के नियमों का उल्लंघन करने का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया और सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार की हुड़दंगबाजी का पुलिस अधीक्षक पलवल, दीप्ति गर्ग (आईपीएस) द्वारा कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित के खिलाफ नियम अनुसार त्वरित कार्यवाही करते के निर्देश दिए।
त्वरित कार्रवाई:थाना गदपुरी प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में संलिप्त दो वाहनों की पहचान करते हुए करीब 35 हजार रुपए का चालान कर उन्हें इंपाउंड कर दिया है।
युवकों की सीख व अपील:पुलिसिया कार्रवाई के बाद गलती का एहसास होने पर आरोपी युवकों ने अपनी भूल स्वीकार की और जिले के अन्य युवाओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की हवाबाजी या स्टंटबाजी में शामिल न हों।
पुलिस अधीक्षक पलवल का सख्त चेतावनी संदेश-सड़कें आम जनता की सुरक्षा और आवागमन के लिए हैं, हुड़दंगबाजी या गुंडागर्दी के प्रदर्शन के लिए नहीं। बघोला फ्लाईओवर पर हुई घटना में संलिप्त वाहनों को जब्त कर सख्त कानूनी कदम उठाए गए हैं। पलवल जिला पुलिस सभी नागरिकों और विशेषकर युवाओं को स्पष्ट चेतावनी देती है कि जिले में किसी भी प्रकार की बदमाशगिरी, हुड़दंगबाजी या हवाबाजी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
जिला पुलिस का युवाओं एवं अभिभावकों के नाम मुख्य निर्देश:
जीरो टॉलरेंस:सार्वजनिक स्थानों या सोशल मीडिया रील्स के लिए गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करना, यातायात में बाधा डालना या खौफ पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पलवल पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। नियम तोड़ने पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि संबंधित वाहनों को तुरंत इंपाउंड कर उनके लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।
अभिभावकों से अपील: माता-पिता अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें यह समझाएं कि चंद मिनटों की 'हवाबाजी' उनके करियर और भविष्य को पूरी तरह बर्बाद कर सकती है।
**
पलवल पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने चलाया जागरूकता अभियान,विद्यार्थियों को दिलाई गई शपथ
*सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशा मुक्त बनाना, युवाओं को नशे के गर्त में गिरने से बचाना और एक स्वस्थ व सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।*
पलवल,01 अक्टूबर।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पलवल पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने शांति पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे रोड पलवल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य संदेश "नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो" रहा। इस दौरान स्कूल प्रिंसिपल श्री योगेश भारद्वाज, स्कूल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पलवल पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन, परिवार और भविष्य को पूरी तरह नष्ट कर देता है। युवा देश की असली ताकत हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा का सही उपयोग शिक्षा, खेल और समाज निर्माण में करना चाहिए। यदि समाज का हर नागरिक एकजुट होकर नशे के खिलाफ खड़ा हो, तो एक नशा मुक्त और सशक्त समाज की स्थापना की जा सकती है।
अंत में नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों को जीवन भर नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने पलवल पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशा मुक्त बनाना, युवाओं को नशे के गर्त में गिरने से बचाना और एक स्वस्थ व सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है। इस अभियान के जरिए पुलिस सीधे शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि नशा गतिविधियों से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो बेझिझक मानस हेल्पलाइन नंबर 1933, डायल-112 या नजदीकी थाना को दें, नाम गुप्त रखा जाएगा।”