
बालोतरा में सरकारी क्वार्टर के पास टांके में मिला नायब तहसीलदार का शव, जांच में जुटी पुलिस
बालोतरा जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र के दूदवा गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सरकारी क्वार्टर के पास बने पानी के टांके में नायब तहसीलदार का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की जांच के लिए एफएसएल (FSL) और एमओबी (MOB) टीम को भी बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे सामने के सरकारी क्वार्टर में रहने वाली एक महिला एएनएम पानी भरने के लिए टांके पर पहुंची। जैसे ही उसने टांके का ढक्कन खोला, अंदर एक शव दिखाई दिया। महिला ने तुरंत गांव के सरपंच और पुलिस को इसकी सूचना दी।
पचपदरा थानाधिकारी बाबूलाल ने बताया कि मृतक की पहचान गुड़ामालानी निवासी मंगलाराम (54) पुत्र रामाराम के रूप में हुई है। वे दूदवा उप तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत थे और सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के बाहर नीचे की ओर उनकी चप्पलें मिली हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे टांके में कैसे गिरे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि एफएसएल और एमओबी टीम की रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
*डिस्क्लेमर:* यह एक समाचार रिपोर्ट है। इसमें किसी भी प्रकार की सलाह, हत्या या आत्महत्या का तरीका अथवा उसका प्रोत्साहन नहीं दिया गया है।