
अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर होगी प्रभावी कार्यवाही
जुर्माना नहीं भरने पर वाहन और संपत्ति की नीलामी के निर्देश
खनिजों के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम और नियंत्रण पर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के संबंध में न्यायालय और एनजीटी के निर्देशों का पालन करते हुए जिले में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन रोकने के अलावा वैध खदानों में ओवरलोड वाहनों की भी रोकथाम किया जाना है और निर्देश दिए कि यदि अवैध पटिए लगाकर कोई वाहन खनिज का परिवहन करते पाया जाए तो उस पर कार्यवाही की जाएगी। प्रकरण दर्ज होने पर यदि जुर्माना नहीं भरा जाता है तो अवैध गतिविधि में प्रयोग किए गए वाहन की और संबंधित व्यक्ति की अचल संपत्ति की नीलामी की जाएगी। उन्होंने कहा कि खनिजों के अनाधिकृत भंडारण का कानूनी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस बल को बिना नंबर प्लेट के वाहनों और गैर-अनुमति के वाहनों पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावी कार्यवाही के लिए पर्याप्त संख्या में अमला, नाइट कैमरा और बैरियर जैसे उपकरणों की आवश्यकता होने पर इसकी मांग की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के अलावा काला धन उत्पन्न कर समाज को भी आर्थिक हानि पहुंचाता है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध खनन संबंधी गतिविधियों की वरिष्ठतम स्तर से निगरानी की जा रही है इसलिए इनकी रोकथाम और नियंत्रण के कार्यों को बिना किसी दबाव में आकर गंभीरता से लिया जाना है। पुलिस बल की कमी या कोई अन्य कठिनाई होने पर पहले से ही अवगत कराया जाए। हितधारकों को अवगत कराया जाए कि उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़ी नियम-विरुद्ध गतिविधियों पर किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।
जिले में खनिजों के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम और नियंत्रण पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में ये निर्देश दिए गए। बैठक में वनमण्डलाधिकारी, एसडीएम, एसडीओपी, खनिज अधिकारी, और थाना प्रभारी उपस्थित थे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
#भिण्ड
#Bhind