विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस 14 अगस्त को संवेदनशीलता के साथ मनाया जाएगा
एडीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
---------
स्वराज संस्थान संस्कृति विभाग भोपाल के निर्देशन में 14 अगस्त 2026 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस अत्यंत संवेदनशीलता एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। इस संबंध में एडीएम श्री विनय द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एडीएम ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, जिला सैनिक एवं कल्याण अधिकारी, पीओडूडा तथा समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देश के विभाजन के दौरान विस्थापन का दंश झेलने वाले तथा अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाए।
निर्देशों के तहत जिला एवं संभाग स्तर पर शांति मार्च (मौन जुलूस) आयोजित किए जाएंगे तथा शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रमों में विभाजन से प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव एवं संघर्षों को साझा कराया जाएगा।
सार्वजनिक स्थलों, पुस्तकालयों एवं प्रमुख प्रशासनिक भवनों में विभाजन के ऐतिहासिक घटनाक्रम तथा विस्थापित नागरिकों के संघर्ष को प्रदर्शित करने वाली तस्वीरों एवं अभिलेखों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा अधिकारियों को आयोजन के दौरान संवेदनशीलता, गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य देश के विभाजन के दौरान हुई ऐतिहासिक पीड़ा एवं मानवीय त्रासदी को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सौहार्द के प्रति संकल्प को मजबूत करना है।
#chhatarpur