
एक बोतल पानी और चलती ट्रेन… फिर जो हुआ, Bokaro Railway Station में 63 वर्षीय की जान गई
#bokaro #BokaroNews #bokarosteelcity #bokaroupdates #bokarorailwaystation
Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 63 वर्षीय यात्री की जान चली गई। महाराष्ट्र के गोंदिया से पिता का पिंडदान करने गया जा रहे सुरेश कुमार भोलवानी चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जीआरपी प्रभारी अमरेंद्र कोटवार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
##पानी लेने उतरे, ट्रेन चल पड़ी
घटना सुबह करीब 9.17 बजे प्लेटफार्म नंबर एक की है। सुरेश कुमार अपने दो भांजों के साथ चेरलापल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन के वातानुकूलित कोच एम-7 में गया जा रहे थे। ट्रेन के बोकारो स्टेशन पर रुकने के दौरान वह पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतरे। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। पानी लेकर सुरेश ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच जा गिरे।
##महिला कांस्टेबल ने देखा हादसा, ट्रेन रुकवाने की कोशिश
प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रही महिला कांस्टेबल एम. जिना पात्रों की नजर सुरेश पर पड़ी। उन्होंने उन्हें चलती ट्रेन में चढ़ते देखा तो तुरंत बचाने के लिए दौड़ीं। हालांकि, तब तक सुरेश का पैर और शरीर का कुछ हिस्सा ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस चुका था। महिला कांस्टेबल ने तत्काल ट्रेन रुकवाने की पहल की। ट्रेन रुकने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने काफी मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला। रेलवे चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
##गया पहुंचने से पहले खत्म हो गया सफर
सुरेश के भांजे अनिल कुमार कुलवादवा ने बताया कि परिवार पितृपक्ष के दौरान पिता का पिंडदान करने गया जा रहा था। महाराष्ट्र से शुरू हुई यह धार्मिक यात्रा बोकारो में अचानक मातम में बदल गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
Chas, Bokaro | Oct 2, 2026