चुराह में टाटा सूमो के ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
चुराह,चंबा। जिला चंबा के उपमंडल चुराह के तरैला क्षेत्र में एक टाटा सूमो वाहन के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चालक की सूझबूझ और साहसिक निर्णय से वाहन गहरी खाई में गिरने से बच गया, जिससे सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।
जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो (एचपी 01 एच 1731) के अचानक ब्रेक फेल हो जाने से चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने वाहन को सड़क किनारे पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जहां वह एक बड़े पत्थर से टकराकर रुक गया। यदि चालक ऐसा नहीं करता, तो वाहन गहरी खाई में गिर सकता था।
हादसे में चालक सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान चालक जयदयाल पुत्र भगत राम निवासी गांव गगेई डाकघर बुंदेडी, दीपिका पत्नी ठाकुर लाल निवासी बुंदेडी, ममता पत्नी गोविंद सिंह निवासी गांव संलाचा डाकघर भजराड़ू, आर्यन, सुंदरू पत्नी बलदेव निवासी बुंदेडी तथा मान सिंह पुत्र भागीरथ निवासी गांव धटी डाकघर बुंदेडी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जयदयाल, दीपिका, ममता, आर्यन और सुंदरू को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में भर्ती कराया गया है।
वहीं, मान सिंह के चेहरे पर गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा (कांगड़ा) रेफर किया गया है।
स्थानीय पटवारी, तरैला तहसील चुराह द्वारा घटना की रिपोर्ट तैयार कर आगामी प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
#viralpost #viral #PahadiNews