
बाजपुर न्यूज
गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
सत्य, अहिंसा और वैज्ञानिक सोच अपनाने का किया आह्वान
बाजपुर। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंहटा में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डीआर बाराकोटी ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। प्रधानाचार्य डीआर बाराकोटी ने गांधी और शास्त्री के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्य, अहिंसा, समानता, एकता, धर्मनिरपेक्षता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी का सत्य-अहिंसा का दर्शन और शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का मंत्र आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अंधविश्वास व रूढ़ियों से दूर रहकर प्रश्न पूछने, तर्क करने और प्रमाण आधारित वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक देवेंद्र सिंह एवं सोमनाथ सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी देवेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर दीपक शर्मा, अनीसुर रहमान, सोमनाथ सिंह, गीता यादव, देवेंद्र कुमार, सुखप्रीत कौर, लक्ष्मी, धनेश्वरी, कमलेश सहित शिक्षक-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।