
• अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026
• सीहोर जिले की 1588 छात्राओं को वर्ष 2025-26 में मिला छात्रवृत्ति का लाभ
उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया 10 अगस्त 2026 से प्रारंभ हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है तथा आवेदन के किसी भी चरण पर किसी प्रकार का शुल्क देय नहीं है।
अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के तहत मध्य प्रदेश में वर्ष 2024-25 में 18 हजार से अधिक छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जिसमें सीहोर जिले की 832 छात्राएं लाभान्वित हुईं। वहीं वर्ष 2025-26 में प्रदेश की 53 हजार 300 से अधिक छात्राओं को छात्रवृत्ति मिली, जिसमें सीहोर जिले की 1588 छात्राएं शामिल हैं।
योजना के तहत ऐसी छात्राएं पात्र हैं, जिन्होंने सरकारी स्कूल से कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई की हो तथा किसी प्रमाणिक उच्च शिक्षा संस्थान में डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया हो। प्रमाणिक उच्च शिक्षा संस्थानों में सभी सरकारी संस्थान तथा चयनित निजी उच्च शिक्षा संस्थान शामिल हैं। यह छात्रवृत्ति निर्धारित पात्र राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की छात्राओं के लिए उपलब्ध है, जिसमें मध्य प्रदेश भी शामिल है।
छात्रवृत्ति के तहत डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रम की पूरी अवधि के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। छात्रा के सफलतापूर्वक अध्ययन जारी रखने तक यह सहायता मिलती रहेगी। उदाहरण के लिए चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग कार्यक्रम में अध्ययनरत छात्रा को चार वर्षों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। राशि प्रत्येक वर्ष दो किस्तों में छात्रा के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
आवेदन के लिए छात्रा का रंगीन फोटो, आधार कार्ड के सामने वाले हिस्से की रंगीन प्रति, स्वयं के सक्रिय बैंक खाते की पासबुक के प्रथम पृष्ठ की स्कैन कॉपी, जिसमें नाम, खाता संख्या, आईएफएससी कोड एवं बैंक शाखा की जानकारी स्पष्ट हो, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची तथा कॉलेज की प्रवेश शुल्क रसीद अथवा बोनाफाइड प्रमाण-पत्र आवश्यक है। छात्रवृत्ति से संबंधित जानकारी एवं प्रश्नों के लिए व्हाट्सएप नंबर 91 9019960536 पर संपर्क किया जा सकता है।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore