
दूंकर की रोही में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, 40 दिन से ग्रामीणों में थी दहशत
#बीदासर के दूंकर और बालेरा क्षेत्र में करीब 40 दिनों से दहशत का कारण बने तेंदुए को आखिरकार शुक्रवार को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुआ लगातार रात के समय मवेशियों का शिकार कर रहा था। उसके मूवमेंट के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।
ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ पिछले करीब 40 दिनों से दूंकर, बालेरा और आसपास की रोही में सक्रिय था। इस दौरान वह कई मवेशियों, गाय और नीलगाय का शिकार कर चुका था। शुक्रवार सुबह भी तेंदुआ एक खेत में बकरी का शिकार करने पहुंचा था।
तेंदुए की लगातार गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों ने खेतों में सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए थे और कई रातों तक जागकर उसकी निगरानी की। ग्रामीण लगातार तेंदुए के मूवमेंट की सूचना वन विभाग को दे रहे थे। इसके बाद वन विभाग ने इलाके में पिंजरे लगाए।
शुक्रवार को वन विभाग छापर और सुजानगढ़ की टीम बीदासर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से तेंदुए को पिंजरे में कैद करने में सफलता मिली। तेंदुआ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली। करीब 40 दिनों से बनी दहशत खत्म होने से आसपास के ग्रामीणों में भी राहत का माहौल है।