
सीतामढ़ी जिला, देश और राज्य के विकास के साथ कदम से कदम मिलाते हुए समग्र विकास की ओर अग्रसर है। समावेशी विकास के नीति के तहत सरकार के पहल पर चलाई जा रही विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओ के क्रियान्वयन से आम-आवाम को लाभ मिल रहा है। योजनाओं की क्रियान्वयन से जिला चौमुखी विकास की ओर अग्रसर है। उक्त बात जिले के प्रभारी मंत्री–सह–उद्योग एवं खेल मंत्री बिहार ,श्रेयषी सिंह ने स्थानीय डुमरा हवाई अड्डा मैदान पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कही।
इसके पूर्व माननीया मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया।तत्पश्चात उनके द्वारा ध्वजारोहण किया गया एवं राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। मौके पर उपस्थित माननीय विधायक रीगा श्री बैधनाथ प्रसाद,मा०विधायक बाजपट्टी श्री रामेश्वर महतो,मा०विधायक सीतामढ़ी श्री सुनील कुमार पिंटू, विधान परिषद सदस्य श्रीमती रेखा कुमारी,उपाध्यक्ष बीस सूत्री मनीष कुमार गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष अदिति कुमारी, अन्य जन प्रतिनिधिगण,पुलिस अधीक्षक अमित रंजन अपर समाहर्ता संजीव कुमार,उप विकास आयुक्त श्वेता भारती एवं अन्य पदाधिकारियों के द्वारा भी तिरंगे को सलामी दी गई।
माननीया प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार में विकास की गति तेज हुई है।कहा कि मुख्यमंत्री बिहार के नेतृत्व में राज्य में उद्योग के क्षेत्र में नए अवसर सृजित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। टेक्सटाइल पॉलिसी, नई एमएसएमई पॉलिसी सहित विभिन्न औद्योगिक नीतियों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन नीतियों का लाभ आने वाले समय में सीतामढ़ी जिले को भी मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में देश के अन्य प्रमुख राज्यों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की क्षमता विकसित करेगा।
प्रभारी मंत्री ने खेल के क्षेत्र में भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य में खेल एवं खिलाड़ियों के विकास के लिए आधारभूत संरचना, प्रशिक्षण और सुविधाओं में व्यापक सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी जिले के अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। ऐसे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
माननीया मंत्री द्वारा अपने संबोधन में हाल ही के वर्षों में जिला के विकास को लेकर किए गए कार्य के बारे में बताया गया। 67 एकड़ भूमि में 883 करोड रुपए की राशि की योजना से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के तर्ज पर माता सीता का जन्म स्थान पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर का समग्र विकास से संबंधित कार्य तीव्र गति से जारी है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल सीतामढ़ी जिले का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे तथा रामायण पथ से जुड़े मां जानकी के जन्म स्थान पुनौरा धाम को दिव्य/ भव्य धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में देश के मानचित्र पर स्थापित किया जा सकेगा।उनके द्वारा मेहसौल आर ओ बी के निर्माण को लेकर किए जा रहे कार्य,बुडको द्वारा स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज कार्य की प्रगति इत्यादि से संबंधित जानकारी दी गई।उन्होंने बताया कि भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण के द्वारा लगभग 250 करोड़ के लागत से भिट्ठामोड में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसके निर्माण से अंतर्देशीय व्यापार का चौमुखी विकास होगा। उनके द्वारा रीगा चीनी मिल का पुनः संचालन, मेजरगंज प्रखंड में 162.73 करोड़ की लागत से बन रहे विद्युत ग्रिड, जिले में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार हेतु 504.520 एकड़ भूमि का चिन्हित कर अग्रेत्तर कार्रवाई करना तथा इसके लिए सरकार से कुल प्राक्कलित राशि 298.77 करोड़ की व्यय की स्वीकृति, मुरादपुर में बन रहे मेडिकल कॉलेज, मॉडल अस्पताल इत्यादि के संबंध में विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई।माननीया मंत्री के द्वारा जिले में 9 प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना के साथ 17 सरस्वती विद्या निकेतन "आदर्श विद्यालय" की शुरुआत को शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। माननीया मंत्री ने कहा कि जिले के सभी पंचायतों में जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।अभी तक जिले के 159 पंचायत में शिविर का आयोजन किया गया है। इसमें अभी तक कुल 9688 आवेदनों के विरुद्ध 8637 आवेदनों का निष्पादन किया गया है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण, जिला ग्रामीण विकास ,जीविका ,मद्ध
निषेध ,स्वास्थ्य ,सहकारिता,कृषि एवं पशुपालन,उद्योग,आईसीडीएस,कला संस्कृति , महिला सशक्तिकरण, जिला योजना, कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना, पथ निर्माण भवन निर्माण, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज तथा अन्य क्षेत्रों में सरकार के द्वारा क्रियान्वित की जा रही योजनाओं से राज्य एवं जिले की जनता लाभान्वित हो रही है।
इसके पूर्व उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर सभी जिला वासियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए उन्हें स्वतंत्रा दिवस की शुभकामनाएं दी। मुख्य समारोह कार्यक्रम में मंच संचालन का कार्य वरीय शिक्षक श्री एसएन झा के द्वारा किया गया।