
चंडेश्वर महादेव मंदिर के पास हादसा, 15 फीट नीचे गिरी कार
चकमोह-बिझड़ी-दियोटसिद्ध सड़क पर बाल-बाल बचा परिवार
दियोटसिद्ध
चकमोह-बिझड़ी-दियोटसिद्ध सड़क पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चंडेश्वर महादेव मंदिर के पास तीखे मोड़ पर एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 फीट नीचे ढांक में जा गिरी और पलट गई।
हादसे के समय कार में चकमोह निवासी कमल अपने परिवार के साथ बिझड़ी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि मोड़ पर सड़क किनारे पड़ी कच्ची मिट्टी के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ा। कार के नीचे लुढ़कने के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पंचायत प्रधान सोमदत्त शर्मा, बीडीसी सदस्य और जिला परिषद सदस्य रामेश्वर दत्त शर्मा ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि चंडेश्वर महादेव मंदिर के पास इस खतरनाक मोड़ पर जल्द क्रैश बैरियर लगाया जाए।
परिजनों की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए फिलहाल मामले में कोई पुलिस कार्रवाई दर्ज नहीं हुई है।
#Hamirpur #HimachalNews #Chakmoh #Bihri #Diyotsidh #RoadAccident #सड़कहादसा #हमीरपुर