
#किशनगंज: जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने जिला स्थापना शाखा कार्यालय, किशनगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव, पत्रों के निष्पादन, कर्मियों की कार्यप्रणाली तथा साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संचिकाओं एवं पंजियों को निर्धारित इंडेक्स के अनुसार क्रमबद्ध और सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। कहा कि कार्यालय अभिलेख महत्वपूर्ण प्रशासनिक दस्तावेज होते हैं, इसलिए इनके रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अक्रियाशील संचिकाओं को चिन्हित कर सुरक्षित स्थल पर व्यवस्थित रखने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने मानवाधिकार, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, RTI, CWJC, MJC सहित अन्य महत्वपूर्ण पत्रों एवं मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और सभी पदाधिकारी-कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। कर्मियों की सेवा संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सेवानिवृत्ति से पूर्व सेवांत लाभ समय पर उपलब्ध कराने, सेवा अभिलेखों को अद्यतन रखने और अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित संचिकाओं को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सभी कर्मियों को कंप्यूटर एवं टाइपिंग का प्रशिक्षण दिलाने का निर्देश दिया ताकि कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आए। कार्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और उपकरणों को दुरुस्त करने पर भी बल दिया।