खेत पर मां के साथ गए 2 वर्षीय मासूम की सर्पदंश से मौत।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
सवाईमाधोपुर।कामवन थाना क्षेत्र के बिलग गांव में रविवार को सर्पदंश से एक 2 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, बिलग निवासी जुबैद खान मेव का बेटा अहान अपनी मां के साथ खेत पर गया था। मां खेत में मवेशियों के लिए चारा काट रही थी और अहान पास में ही खेल रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया।
बच्चे की चीख सुनकर मां और आसपास के लोग तुरंत उसे लेकर कामां के सरकारी अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद शव को वापस गांव बिलग लाया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाजपा नेता व ग्रामीण शाकिर अली ने बताया कि फिलहाल मृतक के पिता के गांव पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।