
लगातार बारिश से उरई में बाढ़ जैसे हालात, सुहाग महल के सामने धंसी पुलिया; हाईटेंशन लाइन के पोल पर भी खतरा
सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने विधायक गौरीशंकर वर्मा और नगर पालिका सहित विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण, जल्द मरम्मत कराने के दिए निर्देश
जितेंद्र गुप्ता✍️। बोल दो भारत
उरई। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते उरई शहर में कई जगह जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण शहर में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच सुहाग महल के सामने बारिश के चलते पुलिया धंसने और मिट्टी का कटाव होने से हाईटेंशन विद्युत लाइन के खंभे के गिरने की आशंका पैदा हो गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने विधायक गौरीशंकर वर्मा के साथ मौके पर पहुंचकर पुलिया और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (एसडीओ) और अवर अभियंता (जेई) सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के खंभे के आसपास मिट्टी का कटाव होने और उसके गिरने की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर पालिका के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थिति का तत्काल आकलन कर आवश्यक सुरक्षा और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
सिटी मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों से पुलिया की मरम्मत और विद्युत पोल को सुरक्षित करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा, ताकि लगातार बारिश के बीच किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके। वहीं, शहर में लगातार हो रहे जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
#Orai #Jalaun #HeavyRainfall #FloodSituation #Waterlogging #SuhagMahal #SunilKumar #CityMagistrate #GauriShankarVerma #MunicipalCouncil #ElectricityDepartment #PWD #HighTensionLine #DamagedBridge #PublicSafety #RainAlert #UttarPradesh #BolDoBharat
Orai, Jalaun | Sep 26, 2026