मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण की रणनीति पर मंथन
लखीसराय। गगन दीप की रिपोर्ट :-पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अपर थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, कांडों के अनुसंधान तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अपराध की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखने तथा मामलों के त्वरित अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बढ़ते साइबर अपराध पर विशेष जोर
अपराध गोष्ठी के दौरान बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों के पुलिस पदाधिकारियों को ऑनलाइन माध्यम से साइबर क्राइम से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध की रोकथाम, जांच एवं ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी हासिल करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
#khabarlakhisarai
#lakhisarai
#bihar
#BiharNews #cybercrime