कस्तूरबा विद्यालय में डीएम ने परखी छात्राओं की पढ़ाई
बहराइच, 01 अक्टूबर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेगमपुर का निरीक्षण कर छात्राओं को मिल रही शैक्षिक व आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए 17, 14 और 19 के पहाड़े सुने तथा पढ़ाई में हमेशा आगे बढ़ने का जज्बा रखने के लिए प्रेरित किया।
नामांकन के सापेक्ष छात्राओं की कम उपस्थिति मिलने पर डीएम ने वार्डेन से जानकारी ली। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को वार्डेन का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। गणित की कक्षा में छात्राओं की विषयगत समझ अपेक्षित स्तर की न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने रसोई व भंडार गृह का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छ, पौष्टिक भोजन, सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने छात्राओं को स्टडी टेबल, डस्टर व मार्कर भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Dfo Office Bahraich
Bahraich, Bahraich | Oct 1, 2026