
केशो मोड़ पर 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
बारुण। बारुण थाना क्षेत्र के केशो मोड़ पर बुधवार को करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब छत पर काम के दौरान नीचे से लोहे का पाइप ऊपर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से करंट की चपेट में आए व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बारुण ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान छोटू भुइयां, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता राज मोहन भुइयां, ग्राम-पोस्ट धनगाईं, थाना जम्होर, जिला औरंगाबाद के रूप में हुई है। बताया गया कि छोटू भुइयां बारुण के केशो मोड़ स्थित अमरेंद्र कुमार के मकान में किराए पर रहता था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी है।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली के तारों के आसपास निर्माण या मजदूरी का काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।