किसान के खेत में मिला संदिग्ध गुब्बारा ,
पुलिस ने कब्जे में लिया
बीकानेर जिले के पुगल थाना क्षेत्र के 1 डीबीएम चक में किसान के खेत में एक संदिग्ध प्लास्टिक का गुब्बारा मिलने से हलचल मच गई। गुब्बारा हरे और सफेद रंग का है, जिस पर चांद और स्टार का निशान बना हुआ है। साथ ही उस पर उर्दू भाषा में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं लिखी हुई हैं। गुब्बारा मिलने की सूचना पर पुलिस थाना पुगल से एएसआई रामस्वरूप विश्नोई, कांस्टेबल मनफूल सहित पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा और गुब्बारे को कब्जे में लिया। पुगल थानाधिकारी समरवीर सिंह ने बताया कि एक गुब्बारा मिला है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गुब्बारे के खेत तक पहुंचने के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।