
घर में घुसकर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
गंजडुंडवारा पुलिस ने एटा रोड स्थित आटा चक्की के पास दबोचा, सिलेंडर समेत पीतल-तांबे के बर्तन बरामद
गंजडुंडवारा, कासगंज। घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देने के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को थाना गंजडुंडवारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया घरेलू सामान भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना गंजडुंडवारा पुलिस ने 30 सितंबर 2026 को एटा रोड स्थित आटा चक्की के पास से मोहित सिंह पुत्र हरिओम और नरेन्द्र कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासीगण सुदामापुरी थाना गंजडुंडवारा, को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक सिलेंडर, एक तांबे की थाली, दो तांबे की पतीली, एक पीतल की पतीली, दो पीतल के लोटे, एक पीतल का फ्लावर बेस, एक तांबे की प्लेट, दो पीतल की परात तथा तीन छोटे पीतल के पाइप बरामद किए।
इस मामले में थाना गंजडुंडवारा पर मुकदमा अपराध संख्या 266/26, धारा 305ए/331(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
नरेन्द्र कुमार का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र कुमार के खिलाफ थाना गंजडुंडवारा में पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में धारा 307, 452, 323, 504, 506 भादवि, धारा 21/22 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 3/25 आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। वर्तमान मामले में भी उसके खिलाफ धारा 305ए/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
चमन कुमार गोस्वामी, प्रभारी निरीक्षक थाना गंजडुंडवारा, मय पुलिस टीम।