
केमिकल फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान झुलसे फायर फाइटर प्रदीप मेघवाल की मौ,त
90 प्रतिशत झुलसे थे प्रदीप, दुलचास में अंतिम विदाई; एक करोड़ सहायता और परिवार के सदस्य को नौकरी देने की मांग
बिसाऊ। जोधपुर के बासनी स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान हुए ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसे फायर फाइटर प्रदीप मेघवाल की सोमवार दोपहर उपचार के दौरान मौ,त हो गई। हादसे में करीब 90 प्रतिशत झुलसे प्रदीप को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उपचार के दौरान सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रदीप की मौ,त की सूचना उनके पैतृक गांव दुलचास पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार सुबह उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। बिसाऊ बाइपास से तिरंगा बाइक रैली के साथ पार्थिव शरीर को दुलचास ले जाया गया। इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय और प्रदीप कुमार अमर रहे के नारे लगाए। अंतिम दर्शन के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
23 सितंबर को हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार 23 सितंबर की शाम करीब पांच बजे जोधपुर के बासनी क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई थी। सूचना पर अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आने से फायर फाइटर प्रदीप मेघवाल गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
पांच भाइयों में सबसे छोटे थे प्रदीप
22 वर्षीय प्रदीप कुमार अविवाहित थे और पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता श्रीराम किसान हैं। प्रदीप की मौत से परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल रहा।
अग्निशमन विभाग ने दी अंतिम सलामी
दुलचास में प्रदीप कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। राजस्थान अग्निशमन सेवा के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और झुंझुनूं सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे करीब 30 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें अंतिम सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम यात्रा में पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़ सहित जनप्रतिनिधि, अग्निशमन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सीएफओ जोधपुर जलज घसिया, सीएफओ जय सिंह चौहान, एफओ प्रशांत सहित अग्निशमन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बिसाऊ नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मियों ने भी श्रद्धांजलि दी।
सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग
हादसे के बाद अग्निशमन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई। अंतिम विदाई में मौजूद लोगों ने कहा कि फायर फाइटर्स आग और अन्य आपदाओं के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान-माल बचाने का काम करते हैं। ऐसे में उन्हें आधुनिक सुरक्षा उपकरण, सेफ्टी किट और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
एक करोड़ की सहायता और परिवार के सदस्य को नौकरी की मांग
प्रदीप मेघवाल की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों और मौजूद प्रतिनिधियों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। लोगों ने परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा अग्निशमन कर्मचारियों को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
अंतिम विदाई के दौरान दुलचास में माहौल गमगीन रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से प्रदीप मेघवाल को श्रद्धांजलि दी।
#tharkiawaazajay #bissau #firemans #दमकल #RajCMO
Churu, Churu | Sep 29, 2026