
#इंदौर नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने अधिकारी से जुड़े इंदौर के दो ठिकानों पर एक साथ सर्चिंग शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब 31 साल के सेवाकाल में अधिकारी की अनुमानित वैध आय लगभग 80 लाख रुपये रही, जबकि संपत्ति, भवन निर्माण, वाहनों और अन्य खर्चों में करीब 2.53 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी मिली है। लोकायुक्त के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक करीब 1.73 करोड़ रुपये की राशि आय से अधिक बताई गई है, जो वैध आय की तुलना में लगभग 216.35 प्रतिशत अधिक है।
जांच में अधिकारी की पत्नी के नाम दो भवनों का निर्माण सामने आया है। इनमें आनंद नगर एक्सटेंशन क्षेत्र में जी+3 भवन और गजाधर नगर-चितावद क्षेत्र में जी+2 भवन शामिल बताए गए हैं। दूसरे भवन में छात्रावास संचालित होने की जानकारी भी सामने आई है। लोकायुक्त टीम संपत्ति और निर्माण से जुड़े दस्तावेजों के साथ परिवार के नाम खरीदे गए वाहनों और अन्य खर्चों की भी जांच कर रही है।
#लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। फिलहाल कार्रवाई जारी है और सर्च पूरी होने के बाद जब्त दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर संपत्ति और आय से जुड़े वास्तविक आंकड़े स्पष्ट होंगे।
#breakingnewswala #MPNews #NewsUpdate