
BSA के खिलाफ शिकायत पर जांच के आदेश, DM ने तीन सदस्यीय समिति गठित की
.
#कन्नौज। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कन्नौज संदीप कुमार के खिलाफ की गई शिकायतों ने अब जांच का रूप ले लिया है। भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के आधार पर शासन के निर्देश के बाद जिलाधिकारी कन्नौज ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है।
पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए उनके कार्यकाल में प्रशासनिक अनियमितताओं एवं वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी। पत्र में यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन, जनपद कन्नौज की ओर से प्राप्त शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायत में बीएसए संदीप कुमार के कार्यकाल को लेकर पारदर्शिता, निष्पक्षता, भ्रष्टाचार एवं शासन की मंशा से जुड़े गंभीर प्रश्न उठाए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
शासन के निर्देश पर बनी जांच समिति:
जिलाधिकारी कन्नौज के 30 सितंबर 2026 के आदेश के मुताबिक, बेसिक शिक्षा अनुभाग-1, उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव के 29 सितंबर 2026 के पत्र के साथ पूर्व सांसद के 15 अगस्त के पत्र की प्रति प्राप्त हुई। इसके बाद बीएसए संदीप कुमार के विरुद्ध शिकायत में उल्लिखित बिंदुओं की जांच के लिए समिति गठित की गई।
समिति में शामिल हैं—
मुख्य विकास अधिकारी, कन्नौज
वरिष्ठ कोषाधिकारी, कन्नौज
जिला विद्यालय निरीक्षक, कन्नौज
जिलाधिकारी ने समिति को शिकायत में उल्लिखित बिंदुओं की जांच कर स्पष्ट एवं अभिलेखीय साक्ष्यों सहित बिंदुवार संयुक्त आख्या सात दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री से मिले पत्र के बाद बढ़ी हलचल:
जिलाधिकारी के आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि पूर्व सांसद का पत्र मुख्यमंत्री जी से मिलकर दिया गया है, इसलिए मामले में व्यक्तिगत ध्यान देते हुए समयबद्ध कार्रवाई अपेक्षित है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अब जांच समिति द्वारा बीएसए के कार्यकाल से संबंधित अभिलेखों और शिकायतों में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायतों में लगाए गए आरोप कितने तथ्यात्मक हैं और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
द टेलीकास्ट न्यूज़ | कन्नौज
Hardoi, Hardoi | Oct 3, 2026