
लखीसराय में विश्वविद्यालय की मांग, ABVP ने कृषि मंत्री को सौंपा ज्ञापन
लखीसराय। लखीसराय को केंद्र बनाकर लखीसराय, जमुई और शेखपुरा के विद्यार्थियों के लिए पृथक विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की लखीसराय इकाई ने बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विश्वविद्यालय की स्थापना को विद्यार्थियों के हित और उच्च शिक्षा के विकेंद्रीकरण की दिशा में आवश्यक कदम बताया।
ABVP के अनुसार, वर्तमान में मुंगेर विश्वविद्यालय का क्षेत्राधिकार पांच जिलों में फैला हुआ है। लगातार नए महाविद्यालयों के जुड़ने से विश्वविद्यालय पर कार्यभार बढ़ रहा है। इसके कारण परीक्षा, परिणाम, प्रमाण-पत्र सहित अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए लखीसराय समेत आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को बार-बार मुंगेर जाना पड़ता है।
परिषद ने बताया कि लखीसराय के चानन, पिपरिया, रामगढ़ चौक और हलसी प्रखंडों में नए डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना के बाद क्षेत्र में उच्च शिक्षा का विस्तार हुआ है। ऐसे में लखीसराय में अलग विश्वविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है।
विभाग संयोजक मनीष यदुवंशी ने कहा कि लखीसराय विश्वविद्यालय की मांग किसी संस्था या क्षेत्र के विरोध में नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सुविधा और उच्च शिक्षा के विकेंद्रीकरण के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि अलग विश्वविद्यालय बनने से लखीसराय, जमुई और शेखपुरा के विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी तथा लखीसराय को प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
जिला संयोजक साहिल प्रकाश ने कहा कि तीनों जिलों में उच्च शिक्षा का लगातार विस्तार हो रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को दूर स्थित विश्वविद्यालय पर निर्भर रखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लखीसराय में विश्वविद्यालय की स्थापना से शिक्षा के साथ शोध, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा मिल सकती है।
मंत्री ने दिया प्रयास का आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को आश्वासन देते हुए कहा कि “लखीसराय के विद्यार्थियों के हितों के लिए हम लोग प्रयास करेंगे।” मंत्री के आश्वासन के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने उनका आभार जताया और विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में जल्द सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।
मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (SEC) लव कुमार, नगर मंत्री बिट्टू आर्य, अभियांशु, छोटे, सौरव कुमार, लक्ष्मण, आयुष सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।