
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में तीनपहाड़ में भाजपा का प्रदर्शन
तीनपहाड़। रांची में जेपीएससी -जेएसएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को झारखंड बंद का असर तीनपहाड़ में भी देखने को मिला। भाजपा तीनपहाड़ मंडल अध्यक्ष चंदन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने सुबह करीब नौ बजे नीचे टोला स्थित भाजपा कार्यालय से प्रदर्शन शुरू किया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तीनपहाड़ स्टेशन चौक पहुंचे, जहां सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बाजार की दुकानों को बंद कराया और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बैंक मोड़ के समीप टायर जलाकर कुछ समय के लिए चक्का जाम किया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि कुछ देर बाद जाम समाप्त होने से यातायात सामान्य हो गया। बंद और प्रदर्शन के दौरान तीनपहाड़ थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर बनाए रखी। भाजपा मंडल अध्यक्ष चंदन श्रीवास्तव ने कहा कि रोजगार और नियुक्ति से जुड़े सवालों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। सरकार को छात्रों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए। भाजपा प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो ने कहा कि युवा अपने भविष्य और रोजगार को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनकी आवाज सुनने के बजाय बल प्रयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने छात्रों पर हुई कार्रवाई की जांच कराने की मांग की। वहीं पूर्व जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है। सरकार को छात्रों को स्पष्ट जवाब देना चाहिए और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।प्रदर्शन में हाशिम अंसारी, राजकुमार सोनी, अब्दुल्लाह अंसारी, संजय चौधरी, छोटू रजक, सौरभ सिंह, रितेश पाठक, पप्पू शाह, अजय सोनी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।