
भारी बारिश से फसल नुकसान को लेकर किसान कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
पलिया कलां। लगातार तीन दिनों हुई भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान के उचित आकलन, मुआवजे और फसल बीमा की राशि के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर किसान कांग्रेस ने तहसील मुख्यालय पर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष किसान कांग्रेस बृज मौर्या के आह्वान पर जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस अनिल राजवंशी की अगुवाई में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावित फसलों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे कराया जाए। सर्वे में फसल क्षति का अभिलेखीकरण, जियो-टैगिंग और फोटोग्राफी कराई जाए, ताकि पात्र किसानों को राहत मिल सके।
किसान कांग्रेस ने प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों के दावों का तत्काल सर्वे कराकर भुगतान कराने की मांग की। साथ ही ग्रामवार प्रभावित किसानों की सूची सार्वजनिक करने और खेत में खड़ी व कटाई के बाद बारिश से प्रभावित फसलों का भी नियमानुसार आकलन कराने की मांग रखी।
इस दौरान प्रदेश सचिव राम चंद्र प्रधान, एडवोकेट रामू त्रिवेदी, आदिल खान, अशर्फीलाल शर्मा, एडवोकेट राजीव भार्गव, एडवोकेट राम लखन, पूर्व नगर अध्यक्ष पलिया आबिद हुसैन उर्फ कमर सहित किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#highlightseveryone #paliakalankheri #नीमगाँव #viralvideochallenge #LakhimpurKheri #NH730