
समाहरणालय सभागार में सोमवार को झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य जिले की महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को गैर-कृषि क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने, व्यवसाय का विस्तार करने, बाजार से जुड़ने तथा वित्तीय और तकनीकी सहायता के अवसरों की जानकारी देना था।
कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, जिला परिषद अध्यक्ष, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में JSLPS के पदाधिकारी, महिला उद्यमी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यशाला में बताया गया कि झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम JSLPS के सहयोग से आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 150 उद्यमियों का चयन किया जाएगा। चयनित उद्यमियों को 10 लाख रुपये तक अनुदान या ब्याज-मुक्त ऋण, प्रशिक्षण, व्यक्तिगत मार्गदर्शन, ब्रांडिंग, तकनीकी सहायता और मार्केट लिंकेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
निर्माण और सेवा क्षेत्र से जुड़े पात्र उद्यमी आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। उपायुक्त ने अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने के निर्देश दिए।
#Giridih #Jharkhand #WomenEntrepreneurs #