स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के तहत गिरिडीह समाहरणालय परिसर में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव सहित जिले के वरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस दौरान समाहरणालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कार्यालयों, आसपास के क्षेत्रों और अन्य स्थानों से कचरा एवं गंदगी हटाकर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया। स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया। नगर आयुक्त ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर श्रमदान किया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी और दैनिक जीवन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपने घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
#SwachhataHiSeva #SwachhataHiSeva2026 #Giridih #GiridihNews #Jharkhand